फरीदाबाद : नीमका जेल हत्याकांड में गैंगस्टर अरुण चौधरी पर हत्या का आरोप तय, ट्रायल शुरू होगा

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 13 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के फरीदाबाद की नीमका जिला जेल के हाई सिक्योरिटी वार्ड में बंद आतंकी आरोपित अब्दुल रहमान की हत्या के मामले में अदालत ने गैंगस्टर अरुण चौधरी के खिलाफ हत्या तथा साथी बंदी को धमकी देने के आरोप तय कर दिए हैं। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र कुमार की अदालत ने सोमवार को आरोप तय करने के बाद मामले में नियमित ट्रायल शुरू करने का आदेश दिया।

अरुण चौधरी फिलहाल करनाल जेल में बंद है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई कार्यवाही के दौरान उसने स्वयं को निर्दोष बताते हुए मुकदमा चलाने की मांग की।घटना के बाद न्यायिक जांच के साथ-साथ जेल की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कराई गई थी। अब अदालत द्वारा आरोप तय किए जाने के बाद इस बहुचर्चित हत्याकांड का नियमित ट्रायल शुरू होगा। अभियोजन पक्ष अदालत में गवाहों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोप साबित करने का प्रयास करेगा, जबकि बचाव पक्ष ने आरोपों से इनकार किया है। उल्लेखनीय है कि यह घटना आठ फरवरी की रात नीमका जिला जेल के हाई सिक्योरिटी वार्ड में हुई थी। जांच के अनुसार जम्मू-कश्मीर के आरएसपुरा निवासी अरुण चौधरी ने बैरक में बंद अब्दुल रहमान पर गमछे में पत्थर बांधकर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब्दुल रहमान उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के मिल्कीपुर का रहने वाला था। उसे मार्च 2025 में गुजरात एटीएस और हरियाणा एसटीएफ ने फरीदाबाद के पाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों का आरोप था कि वह अयोध्या स्थित राम मंदिर पर हमले की साजिश रच रहा था। उसके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए गए थे और उसके खिलाफ यूएपीए सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, अरुण चौधरी जम्मू-कश्मीर का कुख्यात गैंगस्टर बताया जाता है। सुरक्षा कारणों से उसे कुछ समय पहले जम्मू-कश्मीर की जेल से फरीदाबाद की नीमका जेल में शिफ्ट किया गया था। जेल प्रशासन के अनुसार हत्या से पहले दोनों बंदियों के बीच विवाद की सूचनाएं भी सामने आई थी।

----

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story