फरीदाबाद : बेटी ने मां को लिवर देकर दिया नया जीवन

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : बेटी ने मां को लिवर देकर दिया नया जीवन


फरीदाबाद, 7 मार्च (हि.स.)। महिलाएं हमारे परिवार एवं समाज का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। बेटी, पत्नी, मां, बहन हर रूप में नारी का योगदान अमूल्य है। हाल ही में सेक्टर-16 स्थित मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल्स में एक ऐसा ही मामला आया, जहां एक बेटी ने अपने लिवर का हिस्सा दान कर बीमार मां को नई जिंदगी दी है। परिजन की जानकारी के अनुसार, मरीज को हेपेटाइटिस सी की समस्या हुई थी। परिजनों ने मरीज का लगभग 6-7 साल तक पंजाब के स्थानीय डॉक्टरों से इलाज कराया। फिर इन्हें पता चला कि लिवर की बीमारी इस स्टेज पर आ चुकी है कि अब लिवर ट्रांसप्लांट कराना ही पड़ेगा। अस्पताल के डॉ. पुनीत सिंगला ने बताया कि जब पंजाब के अमृतसर से 65 वर्षीय कुलदीप कौर हमारे पास आई तो उनकी लिवर की समस्या काफी बढ़ी हुई थी। ठीक से जाँच करने पर पता चला कि मरीज को लिवर ट्रांसप्लांट की आवश्यकता है। बीमार मां को बचाने के लिए बेटा और बेटी दोनों अपना लिवर डोनेट करने के लिए तैयार हुए। 41 वर्षीय बेटी ने अपने पति की सहमति से सबसे पहले मां को लिवर का हिस्सा दान करने का निर्णय लिया। फिर बेटी का मेडिकल फिटनेस टेस्ट किया गया। बेटी मां को लिवर देने के लिए मेडिकली फिट थी। फिर बेटी के लिवर का एक छोटा सा हिस्सा लेकर मां का लिवर ट्रांसप्लांट किया गया। लिवर ट्रांसप्लांट सफल रहा। अब मां और बेटी दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और सामान्य जीवन जी रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772568 Articles

Share this story