जींद : लोन में बालिका वधु बनने से बची नाबालिगा

WhatsApp Channel Join Now
जींद : लोन में बालिका वधु बनने से बची नाबालिगा


जींद, 25 मार्च (हि.स.)। बाल विवाह निषेध अधिकारी कार्यालय टीम की सर्तकता से लोन गांव में एक बालिका को वधु बनने से बचाया गया। टीम ने बाल विवाह की सूचना पर बुधवार को तत्परता से कार्रवाई करते हुए नाबालिग की शादी को रूकवाया और साथ ही परिजनों को विवाह न करने के लिए चेताया। इसके अलावा बाल विवाह अधिनियम की जानकारी भी दी जिस पर परिजनों ने आश्वासन दिया कि अब वह बालिग होने पर ही विवाह करेंगे।

बाल विवाह निषेध अधिकारी सुनीता को सूचना मिली थी कि गांव लोन में एक नाबालिग लडक़ी की शादी करवाई जा रही है और बारात जिले के ही गांव सुदकैन खुर्द से आने वाली है। इस पर कार्रवाई करते हुए रवि लोहान, महिला सिपाही आरती, मोनिका, नीलम, प्रवीन धमतान साहिब पुलिस चौकी के साथ मौके पर पहुंचे। टीम द्वारा लड़की के परिवार वालों से लड़की के जन्म से संबंधित कागजात मांगे तो परिजनों ने पहले तो टाल मटोल करने की कोशिश की और शादी ना होने की बात कही लेकिन जब उनसे अलग-अलग बातचीत की गई तो लगभग तीन घंटे के बाद जो सबूत दिखाए गए जिसमें लड़की की उम्र मात्र साढ़े 15 वर्ष पाई गई और बारात लेकर आया दुल्हा बालिग निकला। इस पर उसके परिजनों द्वारा बताया गया कि लड़की के माता-पिता अनपढ़ है और उन्हें किसी कानून की कोई जानकारी नही है, इसलिए वह गलती से ऐसा कर रहे थे। इस पर परिजनों को समझाया गया कि आपकी लड़की नाबालिग है। इसलिए आप उसके बालिग होने तक का इंतजार करें ताकि कोई कानूनी अड़चन न आए। इसके बावजूद भी अगर आप नाबालिग लडक़ी की शादी करते हैं तो आप सभी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पर परिवार सहमत हो गया तथा शादी को स्थगित कर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story