जींद : महिला ने फंदा लगा की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
जींद : महिला ने फंदा लगा की आत्महत्या


जींद, 08 सितंबर (हि.स.)। गांव रधाना में एक 23 वर्षीय महिला ने सोमवार को घर में फांसी का फंदा लगा आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मंगलवार को नागरिक अस्पताल में मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने महिला को मानसिक रूप से परेशान बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव रधाना निवासी मनजीत एक निजी दुकान पर काम करता है। उसकी शादी हिसार निवासी साक्षी (23) के साथ दो साल पहले हुई थी। साक्षी इस समय तीन महीने की गर्भवती भी थी। कुछ दिन पहले साक्षी अपने मायके हिसार गई थी। दो दिन पहले ही मनजीत अपनी पत्नी को गांव रधाना में लेकर आया था। सोमवार को मनजीत अपनी दुकान पर काम करने चला गया। पीछे से उसे सूचना मिली कि साक्षी घर में फांसी के फंदे पर लटक रही है। शव की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई व उसके मायका पक्ष के लोगों को दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। साक्षी के मायका पक्ष के लोगों ने बताया कि कुछ दिन से साक्षी मानसिक रूप से परेशान रहती थी। जब वह हिसार थी, उस समय उसे ज्यादा दिक्कत हो रही थी। इसी मानसिक परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया है। सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मंगलवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story