कैथल: अपने ही नाबालिग बच्चाें की जमीन हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज बनाने वाली महिला गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: अपने ही नाबालिग बच्चाें की जमीन हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज बनाने वाली महिला गिरफ्तार


कैथल, 01 अगस्त (हि.स.)। कलायत थाना पुलिस ने नाबालिग बच्चों की पैतृक जमीन हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि का हस्तांतरण और विक्रय कराने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान गांव चौसाला निवासी पुष्पा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी पीएसआई अमन के नेतृत्व में एएसआई सुभाष सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए शनिवार काे महिला को गिरफ्तार किया।

शिकायतकर्ता पवन ने पुलिस को बताया कि उसके भाई सतीश कुमार का एक अक्टूबर 2022 को निधन हो गया था। उनकी मृत्यु के बाद पैतृक भूमि उत्तराधिकार के अनुसार उनकी पत्नी पुष्पा और दोनों नाबालिग पुत्रों आदित्य तथा तेजेंद्रपाल के नाम दर्ज हुई थी। आरोप है कि पुष्पा ने नरेश, भूपेंद्र (नंबरदार), गौरव शर्मा (वकील) और अन्य लोगों के साथ मिलकर अपने दोनों नाबालिग बच्चों के फर्जी आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र तैयार करवाए। इन दस्तावेजों के आधार पर पारिवारिक हस्तांतरण की वसीका पंजीकृत करवाई गई व राजस्व रिकॉर्ड में इंतकाल भी मंजूर करा लिया।

इसके बाद आरोपियों ने उक्त जमीन को लगभग 46.96 लाख रुपये में एक अन्य व्यक्ति के पक्ष में बेच दिया। शिकायत के अनुसार पूरी प्रक्रिया सुनियोजित साजिश के तहत की गई और नाबालिग बच्चों के हितों की अनदेखी करते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन का हस्तांतरण और विक्रय कराया गया।

थाना कलायत पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story