कैथल: मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर फर्जी पंजीकरण कर 1.10 लाख की राशि हड़पने का आरोप
कैथल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर दूसरे किसानों की जमीन का कथित तौर पर फर्जी पंजीकरण कर मेरा पानी-मेरी विरासत योजना का लाभ लेने का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता जींद की जांच में ऐसे कई मामले सामने आने के बाद सीवन थाना पुलिस ने नूंह जिले के पुन्हाना क्षेत्र के 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जांच के दौरान सामने आया कि लाहवरी निवासी मोहम्मद ने सीवन तहसील के गांव खानपुर की 7.438 एकड़ जमीन को मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपने नाम दर्ज करवा दिया। इसके बाद खरीफ सीजन 2025 में इस जमीन पर कपास की फसल दर्शाकर मेरा पानी-मेरी विरासत योजना के तहत 59,500 रुपये का लाभ लिया गया। इसी तरह लाहवरी निवासी यासीर पर खानपुर गांव की 6.319 एकड़ जमीन का पोर्टल पर अपने नाम गलत पंजीकरण कराने का आरोप है। इस जमीन पर खरीफ सीजन 2025 में कपास और बाजरा की फसल दर्ज कराकर योजना के तहत 50,550 रुपये का लाभ लिया गया। जांच में दोनों मामलों में कुल 1,10,050 रुपये का अनुचित लाभ लेने की बात सामने आई है।
जांच में कैथल जिले के आंधली, दुबल, देबन, म्योली, अहमदपुर गढ़, जनैदपुर, उमेदपुर और उरलाना गांवों के किसानों की जमीन का भी पोर्टल पर अन्य लोगों के नाम से पंजीकरण किए जाने के मामले सामने आए हैं। मामले की जांच उप पुलिस अधीक्षक मुख्यमंत्री उड़नदस्ता जींद जीत सिंह बेनीवाल ने की। जांच के आधार पर नूंह निवासी मोहम्मद, यासीर, असगरी, अकबर खान, शोकिन, तसलीम, तालिब हुसैन, अरमान, दीनमोद और जसमीन के खिलाफ सीवन थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

