यमुनानगर : प्लाईवुड फैक्ट्री की आरा मशीन में फंसकर श्रमिक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर : प्लाईवुड फैक्ट्री की आरा मशीन में फंसकर श्रमिक की मौत


यमुनानगर, 30 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर के बाड़ी माजरा क्षेत्र स्थित एक प्लाईवुड निर्माण इकाई में कार्यरत श्रमिक की आरा मशीन की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब वह नियमित रूप से मशीन पर लकड़ी का पटरा चढ़ाने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर मशीन में फंस गया और वह अंदर की ओर खिंच गया। सहकर्मियों ने तत्काल घायल अवस्था में उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान यमुनानगर निवासी 42 वर्षीय वीरभान के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। परिवार के अनुसार, वीरभान अविवाहित था और अपने बड़े भाई सतपाल के साथ रहता था। वह पिछले लगभग पांच वर्षों से उक्त फैक्ट्री में कार्यरत था। रोज की तरह वह सुबह ड्यूटी पर गया था, लेकिन दोपहर को दुर्घटना की सूचना परिजन तक पहुंची। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें उसके निधन की जानकारी मिली। परिजनों का कहना है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। वहीं, सदर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story