सिरसा: बायोफ्यूल फैक्ट्री में आग लगने से करोड़ों का नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: बायोफ्यूल फैक्ट्री में आग लगने से करोड़ों का नुकसान


सिरसा, 22 अप्रैल (हि.स.)। जिले के ऐलनाबाद उपमंडल क्षेत्र में इंडियन बायोफ्यूल फैक्ट्री में बुधवार को शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई, जिससे करीब दो करोड़ रुपये का नुकसान हो गया है। फैक्टरी मालिक दीपक गोयल ने बताया कि दोपहर को अचानक शार्ट सर्किट के कारण फैक्ट्री परिसर में ईंधन के रूप में स्टॉक की गई पराली में अचानक आग लग गई, जो धीरे-धीरे फैक्ट्री की मशीनों तक जा पहुंची। हालांकि वहां मौजूद कर्मचारियों व आसपास मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।

घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की तीन गाडिय़ां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया गया।

इसके बाद सिरसा और फतेहाबाद से भी फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों को बुलाया गया। दमकल कर्मचारियों ने चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसके चलते सिरसा और फतेहाबाद की गाडिय़ों को बीच रास्ते से ही वापस भेज दिया गया।

गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी की जान का नुकसान नहीं हुआ। दीपक गोयल ने बताया कि इस आगजनी से उन्हें करीब दो करोड रुपए का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पाकर डीएसपी व थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story