पानीपत में कांग्रेस नेता सचिन कुंडू को रंगदारी एवं मौत की धमकी

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत में कांग्रेस नेता सचिन कुंडू को रंगदारी एवं मौत की धमकी


पानीपत, 04 मई (हि.स.)। हरियाणा के पानीपत ग्रामीण विधानसभा सीट से प्रत्याशी रहे कांग्रेस नेता सचिन कुंडू को धमकी भरी कॉल मिली है, जिसमें उनसे पांच करोड़ रूपये की रंगदारी मांगी गई है और न देने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई है।

सेक्टर-18 के रहने वाले सचिन कुंडू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन मई को वह किसी निजी कार्यक्रम के सिलसिले में गांव गढ़ सरनाई में मौजूद थे। इसी दौरान शाम करीब 4:09 और 4:10 बजे उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से वॉट्सएप कॉल आई। सचिन कुंडू ने उस समय कॉल रिसीव नहीं की। कॉल न उठाने के कुछ ही मिनटों बाद, उसी विदेशी नंबर से शाम 4:12 और 4:13 पर दो वॉइस मैसेज आए। पहला मैसेज 59 सेकंड का और दूसरा 34 सेकंड का था। वॉइस मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम महेन्द्र डलाना बताया और खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य होने के बारे में बताया।

आरोपी ने सीधे तौर पर पांच करोड़ रुपए की मांग की और धमकी दी कि यदि रकम नहीं मिली, तो सचिन कुंडू और उनके पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।

थाना सेक्टर 13-17 थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर दलबीर ने बताया कि सचिन कुंडू की शिकायत पर आरोपी महेन्द्र डलाना के खिलाफ धारा 308 और 351 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story