पानीपत: कॉलेज के वाइस चेयरमैन से मांगी सात करोड़ की रंगदारी, चार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: कॉलेज के वाइस चेयरमैन से मांगी सात करोड़ की रंगदारी, चार गिरफ्तार


पानीपत, 01 अगस्त (हि.स.)।

पानीपत के पाइट संस्कृति स्कूल के चेयरमैन व पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के वाइस चेयरमैन राकेश तायल

से सात करोड़ की रंगदारी मांगी गई है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।रंगदारी विदेश में बैठे कुख्यात अपराधी हैरी बॉक्सर के नाम से मांगी गई है। रंगदारी मांगने वाले ने दावा किया कि वह वाइस चेयरमैन और उसके पूरे परिवार के बारे में सब कुछ जानता है। कॉल आने के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी। फिलहाल, थाना समालखा पुलिस ने वाइस चेयरमैन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में राकेश तायल ने बताया कि वे समालखा स्थित अपने कॉलेज परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान शुक्रवार दोपहर को उनके मोबाइल नंबर पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना परिचय हैरी बॉक्सर के रूप में दिया। उसने दावा किया कि वह राकेश तायल और उनके पूरे परिवार के बारे में सब कुछ जानता है। शिकायतकर्ता के अनुसार, हैरी बॉक्सर नाम के इस व्यक्ति ने उनसे सात करोड़ रुपए की रंगदारी की मांग की और यह पूरी राशि देने के लिए महज 24 घंटे का समय दिया है। इतना ही नहीं, कॉल के साथ-साथ आरोपी ने एक व्हाट्सएप वॉइस नोट भी भेजा। वॉइस नोट में आरोपी ने कहा कि यदि उन्हें उसकी पहचान पर शक है, तो वह यूट्यूब पर जाकर उसका नाम हैरी बॉक्सर सर्च करके उसकी आवाज की पुष्टि कर सकता है कि वह कौन है और कितना खतरनाक है। पुलिस ने पूरी सतर्कता बरतते हुए राकेश की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विदेशी नंबर से आई कॉल नंबर को ट्रेस पर लगाने के बाद चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गांव आदियान निवासी अजय व रोहित, विकास नगर निवासी अमित व एनएफएल निवासी रिहान को गिरफ्तार करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story