हरियाणा में फिरौती व गोली राज कायम, कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल : दीपेंद्र हुड्डा

WhatsApp Channel Join Now


कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र ने भी सरकार को घेरा

रोहतक 26 नवंबर (हि.स.)। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि हरियाणा में पिछले छह महीने से फिरौती राज, गोली राज, जंगल राज और गैंगस्टर राज कायम है। आए दिन गोलीबारी और फिरौती मांगने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल है। वहीं, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने दावा किया कि हरियाणा के गठन के बाद से कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब कभी नहीं रही।

कांग्रेस नेता गुरुवार को आईएमटी स्थित महान स्वतंत्रता सेनानी एवं संविधान सभा के सदस्य चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा के स्मारक पर उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पास हरियाणा के लिए समय नहीं है और वे लगातार पंजाब के दौरे कर रहे हैं। प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और हालात ऐसे हैं कि कई लोग डर के कारण पुलिस में शिकायत तक दर्ज नहीं करवाते। उन्होंने कहा कि नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और कानून व्यवस्था को लेकर सीधे तौर पर मुख्यमंत्री की जवाबदेही बनती है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। मुख्यमंत्री पंजाब में अपराध खत्म करने की बात कर रहे हैं, जबकि हरियाणा में अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। प्रदेश की जनता सरकार के दावों और जमीनी हकीकत से भलीभांति परिचित है। उन्होंने कहा कि सरकार को दूसरे प्रदेशों में जाकर बयानबाजी करने की बजाय हरियाणा की कानून व्यवस्था सुधारने पर ध्यान देना चाहिए, ताकि आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वतंत्रता आंदोलन में उनके संघर्ष, त्याग और संविधान निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story