यमुनानगर: फिराैती मांगने का आराेपी अमेरिका से डिपोर्ट, दिल्ली हवाई अड्डे से गिरफ्तार
यमुनानगर, 10 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर पुलिस ने दिसंबर 2024 में बिलासपुर अनाज मंडी के एक आढ़ती से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के चर्चित मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में शामिल गांव ताहरी निवासी गौरव को अमेरिका से डिपोर्ट होने के बाद नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
थाना बिलासपुर प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि 22 दिसंबर 2024 को आढ़ती शिव कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गोल्डी बराड़ गैंग का सदस्य बताकर अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी तथा बाद में 70 से 80 लाख रुपये में समझौते का प्रस्ताव भी रखा गया। शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच अपराध शाखा को सौंपी गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल के आधार पर कई आरोपियों को क्रमवार गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान घटनास्थलों की निशानदेही, वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन, स्विफ्ट कार और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। मामले में दो विधि-विरुद्ध बालकों के विरुद्ध भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। 8 जुलाई 2026 को इमिग्रेशन ब्यूरो से सूचना मिली कि आरोपी को अमेरिका से डिपोर्ट कर दिल्ली लाया गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे एयरपोर्ट से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पासपोर्ट, अमेरिकी डॉलर, बैंक कार्ड, बोर्डिंग पास तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बरेली निवासी एक व्यक्ति का नाम भी लिया है। पुलिस उसके साथियों, रंगदारी नेटवर्क, फरार आरोपियों, मोबाइल कनेक्शन और वित्तीय लेनदेन सहित पूरे गिरोह की गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

