हिसार : निजी स्कूल संचालकों ने सरकार की नीतियों पर जताया रोष

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : निजी स्कूल संचालकों ने सरकार की नीतियों पर जताया रोष


समस्याओं के समाधान के लिए जल्द शिक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री से करेंगे मुलाकात

हिसार, 07 अगस्त (हि.स.)। सर्व हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ की जिला स्तरीय

बैठक यादव धर्मशाला में प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सेठी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में

प्रदेशभर के निजी स्कूलों के समक्ष आ रही विभिन्न प्रशासनिक और तकनीकी समस्याओं पर

विस्तार से चर्चा की गई। स्कूल संचालकों ने विशेष रूप से एमआईएस पोर्टल, स्कूलों पर

लगाए जा रहे जुर्माने तथा विभिन्न प्रकार के नोटिसों को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली

पर नाराजगी व्यक्त की।

बैठक में उपस्थित स्कूल संचालकों ने शुक्रवार काे कहा कि बार-बार नोटिस जारी करने, भारी

जुर्माने लगाने तथा एमआईएस पोर्टल से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के कारण निजी शिक्षण संस्थानों

को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था

को बेहतर बनाने के बजाय ऐसी नीतियां स्कूल संचालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही

हैं।

प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सेठी ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया

गया कि निजी स्कूलों की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही हरियाणा के शिक्षा मंत्री,

मुख्यमंत्री तथा माध्यमिक शिक्षा निदेशक से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा।

साथ ही मांग की जाएगी कि बंद पड़े या तकनीकी समस्याओं से प्रभावित एमआईएस पोर्टल को

शीघ्र सुचारु रूप से संचालित किया जाए तथा स्कूलों को अनावश्यक नोटिस और जुर्माने से

राहत दी जाए।

प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सेठी ने कहा कि निजी स्कूल प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था

का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। सरकार को निजी स्कूलों के साथ समन्वय बनाकर उनकी वास्तविक

समस्याओं का समाधान करना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने

कहा कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन आगामी रणनीति तय करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story