सिरसा: सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोया:सुभाष बराला

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोया:सुभाष बराला


सिरसा: सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोया:सुभाष बराला


सिरसा, 31 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का व्यक्तित्व अद्वितीय था। देश की आजादी के बाद भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती 562 रियासतों में बंटे देश को एक सूत्र में पिरोने की थी। सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से इस चुनौती को स्वीकार किया और सभी रियासतों के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ-साथ किसानों के हितों के लिए भी संघर्ष किया। सुभाष बराला शनिवार को सिरसा में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान बराला ने रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सांसद ने कहा कि गुजरात में स्थापित सरदार वल्लभभाई पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा उनके महान व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान का प्रतीक है। इस प्रतिमा के निर्माण के लिए देशभर के गांवों से किसानों के खेतों की मिट्टी और खेती में उपयोग होने वाला लोहा एकत्रित किया गया था। हरियाणा में भी इस अभियान के तहत मिट्टी और लोहा एकत्रित कर गुजरात भेजा गया था। उन्हें इस अभियान में हरियाणा प्रदेश की स्टेट यूनिट का समन्वयक बनने का अवसर मिला था।

चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की आजादी के बाद 562 रियासतों का भारतीय संघ में विलय करवाकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी।

भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने युवाओं और बच्चों से आह्वान किया कि वे देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम देशभक्ति और एकजुटता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, एडीसी अर्पित संगल, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, एसडीएम राजेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story