अंबाला छावनी में जल्द बनेगा 100 बिस्तरों का अत्याधुनिक ईएसआईसी अस्पताल : अनिल विज

WhatsApp Channel Join Now
अंबाला छावनी में जल्द बनेगा 100 बिस्तरों का अत्याधुनिक ईएसआईसी अस्पताल : अनिल विज


चंडीगढ़, 24 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) द्वारा 100 बिस्तरों के अत्याधुनिक अस्पताल की स्थापना के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के सेक्टर-33 में 5.18 एकड़ भूमि की रजिस्ट्री जल्द की जाएगी तथा इसके बाद भूमि का कब्जा भी शीघ्र ईएसआईसी को सौंप दिया जाएगा। अस्पताल के निर्माण से अंबाला सहित आसपास के क्षेत्रों और समीपवर्ती जिलों के लगभग 70 हजार बीमाकृत श्रमिकों एवं उनके परिवारों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

अनिल विज सोमवार को चंडीगढ़ में ईएसआईसी, श्रम विभाग तथा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ अंबाला छावनी में प्रस्तावित 100 बिस्तरों के ईएसआईसी अस्पताल की स्थापना को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने परियोजना से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को अस्पताल के निर्माण से जुड़ी सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

ईएसआईसी अस्पताल की चारदीवारी का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा: विज

विज ने बताया कि अंबाला छावनी में स्थापित होने वाले ईएसआईसी अस्पताल की चारदीवारी का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।

इसके साथ ही अस्पताल भवन का नक्शा तैयार करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी, ताकि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में आगे बढ़ाया जा सके।

भूमि की रजिस्ट्री, कब्जा, चारदीवारी, भवन का नक्शा तथा निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश: विज

बैठक में अधिकारियों ने विज को अवगत कराया कि अंबाला छावनी के सेक्टर-33 में एचएसवीपी की 5.18 एकड़ भूमि पर ईएसआईसी द्वारा 100 बिस्तरों का अस्पताल स्थापित किया जाएगा। अस्पताल के लिए भूमि उपलब्ध करवाने के संबंध में केंद्र सरकार द्वारा लगभग 13 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल की स्थापना से संबंधित आगामी सभी कार्यवाही में तेजी लाई जाए और भूमि की रजिस्ट्री, कब्जा, चारदीवारी, भवन का नक्शा तथा निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि बीमाकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को जल्द से जल्द इस अस्पताल का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से अंबाला छावनी में ईएसआईसी अस्पताल की स्थापना का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया था। केंद्र सरकार ने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए भूमि के लिए लगभग 13 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।

अस्पताल के स्थापित होने से अंबाला सहित आसपास के जिलों में रहने वाले लगभग 70 हजार बीमाकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

साहा औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के जिलों के बीमाकृत श्रमिकों को मिलेगा सीधा लाभ : विज

श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी और साहा औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-33 के आसपास स्थित हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रमिक कार्यरत हैं। ऐसे में प्रस्तावित ईएसआईसी अस्पताल का लाभ साहा औद्योगिक क्षेत्र सहित अंबाला छावनी और आसपास के क्षेत्रों में कार्यरत हजारों बीमाकृत कामगारों तथा उनके आश्रितों को सीधे तौर पर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story