प्रधानमंत्री के आगमन से पहले जींद की सुरक्षा चाक-चौबंद

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले जींद की सुरक्षा चाक-चौबंद


15 आईपीएस, 50 डीएसपी समेत पांच हजार जवान तैनात

जींद, 16 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 17 जुलाई को आगमन को देखते हुए शहर को मजबूत सुरक्षा किले में तबदील कर दिया गया है। 15 आईपीएस अधिकारी सहित अन्य सुरक्षा व खुफिया एजेंसियों ने अपनी कमान संभाल ली है। इसके अलावा 50 डीएसपी व पांच हजार जवानों को भी तैनात किया गया है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा इतनी कड़ी होगी कि परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा। जिसको लेकर पुलिस विभाग ने व्यापक स्तर पर तैयारियों के साथ रैली स्थल तथा रेलवे जंक्शन पर तैनाती कर दी है। इसके इलावा 80 पुलिस नाके भी एक्टिवेट कर दिए गए हैं। पुलिस विभाग के बड़े अधिकारी सुरक्षा को लेकर लगातार प्रबंधों को रिवाइज कर रहे हैं। पूरा क्षैत्र तीसरी आंख के दायरे में रहेगा।

पीएम नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर शहर में 15 आईपीएस अधिकारियों को तैनात किया गया है। जिसमें 200 इंस्पेक्टर व 500 सब इंस्पेक्टर, लगभग 600 महिला पुलिस भी शामिल हैं। सुरक्षा कर्मी आधुनिक उपकरण तथा आधुनिक तकनीकियों से लैस हैं। रैली स्थल पर डॉग स्कवायड की सहायता से जांच की जा रही है। पीएम की सुरक्षा में कोई चूक न हो इसके लिए 22 स्थायी पुलिस नाकों समेत 80 पुलिस नाकों को एक्टिवेट गया है ताकि कोई अवांछित तत्व शहर में न घुस सके।

पीएम नरेंद्र मोदी दाैरे के दौरान शहर की सड़कों पर हर दस मीटर के दायरे में एक पुलिस कर्मी तैनात मिलेगा। सड़क के साथ हर गली तथा हर कट पर पुलिस कर्मी तैनात रहेगा। इसके अलावा 30 राइडर, छह पीसीआर, छह ईआरवी वाहनों की तैनाती की गई है। जबकि संबंधित थाना प्रभारी अपने अपने इलाकों में चौकसी बरतेंगे। पीएम मोदी के आगमन को लेकर खुफिया एजेंसियों में भी डेरा डाल लिया है। एजेसिंयों से जुड़े लोग लगातार पैनी नजर बनाए हुए हैं। एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि सुरक्षा को लेकर बेहद कड़े प्रबंध किए गए हैं। शहर के मुख्य मार्गो पर तीसरी आंख से नजर रखी जा रही है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story