सोनीपत: जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सबकी जिम्मेदारी: निखिल मदान
सोनीपत, 26 सितंबर (हि.स.)। सेवा
संकल्प अभियान के तहत आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में विधायक निखिल मदान ने शनिवार
को बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने जनता कालोनी वार्ड नं 13 आंगनवाड़ी
केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों, महिलाओं एवं स्थानीय लोगों से संवाद
में कहा कि उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं
का लाभ पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।
विधायक
निखिल मदान ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र समाज के बच्चों और महिलाओं के कल्याण से जुड़े
महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा
तथा महिलाओं एवं परिवारों से संबंधित जागरूकता का कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा
कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्गों के साथ
खड़े होने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प है। उन्होंने आंगनवाड़ी
कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जमीनी
स्तर पर उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम
के दौरान विधायक ने उपस्थित लोगों से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और समग्र विकास
को लेकर जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और शिक्षित बच्चे ही मजबूत
समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव हैं। विधायक निखिल मदान ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी
योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार तक सुविधाएं पहुंचाना है और इसके लिए प्रशासन,
जनप्रतिनिधियों तथा समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि
सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर
आगे बढ़ाया जाना चाहिए। निगम पार्षद महेश लुथरा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं गीता रानी,
संतोष, पिंकी, मोना सहित स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

