हरियाणा सिविल सचिवालय में योग से कर्मचारी बन रहे तनावमुक्त
दैनिक योगाभ्यास से बढ़ी कार्यक्षमता
चंडीगढ़, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार द्वारा योग को बढ़ावा देने तथा मुख्यमंत्री के ‘योगयुक्त, नशा मुक्त हरियाणा’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में हरियाणा योग आयोग निरंतर सराहनीय एवं प्रभावी प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में हरियाणा सिविल सचिवालय, चंडीगढ़ में कार्यरत कर्मचारियों को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए एक विशेष पहल चलाई जा रही है।
हरियाणा योग आयोग के प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा पिछले दो वर्षों से सिविल सचिवालय की विभिन्न शाखाओं में जाकर कर्मचारियों को प्रतिदिन 15 से 20 मिनट का योगाभ्यास करवाया जा रहा है। इस दैनिक योगाभ्यास सत्र के दौरान कर्मचारियों को तनाव मुक्त रखने, मानसिक स्पष्टता लाने और शारीरिक ऊर्जा में वृद्धि करने के उद्देश्य से डीप ब्रीदिंग (गहरा श्वसन), सूक्ष्म यौगिक क्रियाएं, प्राणायाम तथा ध्यान (मेडिटेशन) का अभ्यास कराया जाता है। इस पहल से सचिवालय कर्मचारियों की कार्यक्षमता और दैनिक ऊर्जा स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखा जा रहा है। हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ शरीर, शांत मन, सकारात्मक सोच और नशामुक्त समाज के निर्माण का एक सशक्त माध्यम है। जब कर्मिक तनाव मुक्त और ऊर्जावान रहेंगे, तो जनसेवा और प्रशासनिक कार्य भी अधिक सुगमता व गति से संपन्न होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

