नूंह में बिजली विभाग के निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
नूंह में बिजली विभाग के निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन


नूंह, 08 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा सरकार द्वारा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के गुरुग्राम सर्कल-1, गुरुग्राम सर्कल-2 और नूंह डिवीजन में बिजली वितरण के लिए निजी कंपनी इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को समानांतर विद्युत वितरण लाइसेंस दिए जाने के प्रस्ताव के विरोध में बुधवार को बिजली कर्मचारियों ने काले बिल्ले लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने दो घंटे का सांकेतिक कार्य बहिष्कार भी किया।

प्रदर्शन ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन के बैनर तले आयोजित किया गया। नूंह डिवीजन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनिट प्रधान योगराज दीक्षित ने की, जबकि मंच संचालन यूनिट सचिव राकेश कुमार ने किया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए यूनियन के राज्य उपप्रधान जितेंद्र तेवतिया, राज्य सचिव समून खान और सीसी सदस्य राजन वर्मा ने कहा कि सरकार का यह निर्णय न केवल बिजली कर्मचारियों बल्कि आम उपभोक्ताओं और सरकारी बिजली व्यवस्था के हित में भी नहीं है। उनका कहना था कि यदि निजी कंपनियों को समानांतर वितरण लाइसेंस दिया जाता है तो वे केवल अधिक मुनाफा देने वाले औद्योगिक और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को अपने साथ जोड़ेंगी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों, घरेलू और सब्सिडी प्राप्त उपभोक्ताओं की जिम्मेदारी सरकारी बिजली निगमों पर ही बनी रहेगी।

इस अवसर पर राज्य उपप्रधान जितेंद्र तेवतिया, राज्य सचिव समून खान, सीसी सदस्य राजन वर्मा, सर्कल सचिव राजेश शर्मा, नूंह यूनिट प्रधान योगराज दीक्षित, यूनिट सचिव राकेश कुमार, पलवल यूनिट प्रधान राजकुमार डागर, होडल यूनिट सचिव वेदपाल तेवतिया, हथीन सब-यूनिट प्रधान रशीद, सचिव विष्णु, होडल सब-यूनिट प्रधान लक्ष्मी, महिपाल, नरेश, पवन, नूंह सब-यूनिट प्रधान देवेंद्र सिंह, सचिव सुभाष, प्रकाश, फिरोजपुर झिरका सब-यूनिट प्रधान दीपक, राजेश, मनीष, नगीना सब-यूनिट प्रधान आसिफ खान, सचिव इरशाद अहमद तथा पुन्हाना सब-यूनिट सचिव नीरज कुमार, आजम खान सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story