हिसार: अधिकारियों से वार्ता में मांगों पर बनी सहमति, पब्लिक हेल्थ कर्मचारियों ने स्थगित किया धरना
एचकेआरएनएल कर्मचारियों का बकाया वेतन जल्द खातों में पहुंचेगा
वर्दी भत्ते का नकद भुगतान और फेस्टिवल एडवांस देने पर भी बनी सहमति
हिसार, 05 नवंबर (हि.स.)। पब्लिक हेल्थ विभाग के फील्ड कर्मचारियों की लंबित
मांगों को लेकर सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल
वर्कर्स यूनियन की पब्लिक हेल्थ ब्रांच हिसार ने गुरुवार को एक्सईएन नंबर-1 कार्यालय
के सामने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में कई
मांगों पर सहमति बनने के बाद कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन स्थगित करने का निर्णय लिया।
ब्रांच सचिव राकेश वशिष्ठ ने बताया कि अधिकारियों की ओर से लिखित पत्र मिलने
के बाद संगठन का प्रतिनिधिमंडल वार्ता के लिए पहुंचा। बैठक में कर्मचारियों की लंबित
मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। वार्ता के दौरान एचकेआरएनएल कर्मचारियों के बकाया
वेतन की राशि ट्रेजरी में भेजने की प्रक्रिया पूरी करने की जानकारी दी गई। यह राशि
जल्द ही कर्मचारियों के खातों में पहुंच जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-28 के
लिए रेनकोट, डंगरी और जूतों की खरीद के आदेश जारी करने पर सहमति बनी है।
वहीं, सब डिवीजन
नंबर-4 के एचकेआरएनएल कर्मचारियों के वर्ष 2024-26 के बकाया जूतों का भुगतान एक सप्ताह
के भीतर करने का आश्वासन दिया गया। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लंबित वर्दी भत्ते
का मौके पर ही नकद भुगतान करवाया गया। नियमित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को समय पर फेस्टिवल एडवांस नहीं मिलने का
मुद्दा भी वार्ता में उठाया गया। इस पर एक्सईएन ने कर्मचारियों को नकद भुगतान करने
पर सहमति जताई। राकेश वशिष्ठ ने कहा कि संगठन की एकजुटता और लगातार संघर्ष के चलते
कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय हो पाया है। उन्होंने इसे कर्मचारियों की
एकता और संघर्ष की जीत बताते हुए सभी कर्मचारियों का आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

