हिसार : बिजली वितरण का समानांतर लाइसेंस देने के फैसले के खिलाफ कर्मचारियों ने फूंकी प्रतियां
गुरुग्राम-नूंह में निजी कंपनी को 25 साल का लाइसेंस
देने का विरोध
22 से 24 अक्टूबर तक प्रदेशव्यापी हड़ताल का ऐलान
हिसार, 21 अक्टूबर (हि.स.)। बिजली कर्मचारी एवं
इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बिजली कर्मचारियों ने सिविल लाइन सब डिवीजन,
राजगढ़ रोड स्थित उपमंडल अधिकारी कार्यालय के सामने बुधवार काे प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने
हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (एचईआरसी) द्वारा गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण के
लिए निजी कंपनी ईलवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को समानांतर लाइसेंस देने के फैसले की प्रतियां
जलाकर रोष जताया। प्रदर्शन की अध्यक्षता अनुबंधित कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सुमित
कुमार ने की, जबकि संचालन सब यूनिट सचिव जय कुमार ने किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मोर्चा के राज्य
सचिव दलीप सोनी और राज्य कमेटी सदस्य एवं सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान अशोक सैनी
ने कहा कि बिजली क्षेत्र में निजीकरण के विरोध में संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने 11,
12 और 13 अगस्त को तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी हड़ताल की थी। उस दौरान निजी कंपनियों को
समानांतर लाइसेंस देने, स्मार्ट मीटर लगाने और एग्री डिस्कॉम बनाने के फैसलों का विरोध
किया गया था। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दबाव में बिजली मंत्री हरियाणा की अध्यक्षता
में हुई बातचीत के दौरान सहमति बनी थी कि इन फैसलों को लागू नहीं किया जाएगा। इसके
बावजूद दो दिन पहले एचईआरसी ने गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण के लिए निजी कंपनी
को 25 साल का समानांतर लाइसेंस देने का निर्णय ले लिया। कर्मचारी नेताओं ने इसे पूर्व
में बनी सहमति के विपरीत बताते हुए फैसले को रद्द करने की मांग की।
कर्मचारी नेताओं ने बताया कि मंगलवार को मुख्यमंत्री,
केंद्रीय बिजली मंत्री और एचईआरसी चेयरमैन के पुतले जलाकर विरोध जताया गया। उन्होंने
घोषणा की कि फैसले के विरोध में 22, 23 और 24 अक्टूबर को बिजली कर्मचारी और अधिकारी
प्रदेशव्यापी हड़ताल करेंगे। उन्होंने सरकार से निजी कंपनी को दिया गया समानांतर लाइसेंस
रद्द करने की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

