हरियाणा में कर्मचारियों और पेंशनरों का महंगाई भत्ता बढ़ा

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 28 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा राहत भरा तोहफा देते हुए महंगाई भत्ता (डीए)-महंगाई राहत (डीआर) में बढ़ोतरी की है। केंद्र सरकार की तर्ज पर यह बढ़ोतरी हुई है। राज्य के वित्त विभाग द्वारा मंगलवार को जारी आदेश के अनुसार अब डीए और डीआर की दर 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दी गई है। यह बढ़ोतरी एक जनवरी 2026 से लागू मानी जाएगी।

हरियाणा सरकार के इस फैसले का लाभ सातवें वेतन आयोग के तहत वेतन और पेंशन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलेगा। आदेश में बताया गया है कि बढ़ा हुआ डीए और डीआर मई 2026 के वेतन और पेंशन के साथ दिया जाएगा। इसके साथ ही जनवरी 2026 से अप्रैल 2026 तक का बकाया (एरियर) जून 2026 में जारी किया जाएगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि डीए/डीआर के भुगतान में 50 पैसे या उससे अधिक की राशि को अगले पूरे रुपये में गिना किया जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम की राशि को नजरअंदाज किया जाएगा।

वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता द्वारा जारी इस आदेश से लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को सीधा लाभ मिलेगा। आर्थिक महंगाई के बीच यह फैसला कर्मचारियों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। इस निर्णय से राज्य के खजाने पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा, लेकिन कर्मचारियों की क्रय शक्ति बढ़ाने और महंगाई के असर को कम करने के लिए यह कदम जरूरी था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story