सोनीपत: लंबित मामलों की जांच तेज करने के निर्देश, कांवड़ सुरक्षा पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत: लंबित मामलों की जांच तेज करने के निर्देश, कांवड़ सुरक्षा पर जोर


सोनीपत, 31 जुलाई (हि.स.)। पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन मेधा भूषण की अध्यक्षता

में शुक्रवार को पूर्वी जोन के लंबित मामलों और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा बैठक

आयोजित की गई। बैठक में सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रबंधक, पुलिस चौकी प्रभारी, मालखाना

प्रभारी तथा 60 से 90 दिन से लंबित मामलों की जांच कर रहे जांच अधिकारी केस डायरी और

संबंधित अभिलेखों सहित उपस्थित रहे। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश

दिए गए हैं।

बैठक

में लंबित मामलों की प्रगति, जांच की गुणवत्ता, अभिलेख प्रबंन्धन, मालखानों की व्यवस्था

और जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई। पुलिस उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी

लंबित मामलों की जांच निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि जांच में

किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक जांच अधिकारी

अपने मामलों की नियमित निगरानी स्वयं सुनिश्चित करे। सभी थानों में अभिलेख व्यवस्थित

रखने, मालखानों का रिकॉर्ड अद्यतन करने तथा न्यायालय से जुड़े कार्य समय पर पूरे करने

के निर्देश भी दिए। साथ ही जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर संवेदनशील और त्वरित

निस्तारण करने पर बल दिया।

बैठक

में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं की भी समीक्षा

की गई। पुलिस उपायुक्त ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, यातायात सुचारु

बनाए रखने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं और आमजन के साथ सहयोगपूर्ण

व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर सतर्क

निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

पुलिस

उपायुक्त मेधा भूषण ने कहा कि सोनीपत पुलिस का लक्ष्य आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध

कराना, पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना तथा लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध

निस्तारण करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से जिम्मेदारी, पारदर्शिता

और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story