हिसार : बिजली निगम में निजीकरण एवं एग्री डिस्कॉम के विरोध में 11 से 13 अगस्त की हड़ताल का ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : बिजली निगम में निजीकरण एवं एग्री डिस्कॉम के विरोध में 11 से 13 अगस्त की हड़ताल का ऐलान


निजीकरण और स्मार्ट

मीटर नीति नहीं होगी स्वीकार, विरोध प्रदर्शन को सफल बनाने की बनाई रणनीति

हिसार, 03 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर सांझा संघर्ष

मोर्चा की यूनिट नंबर-2 हिसार की संयुक्त बैठक सोमवार को राजगढ़ रोड स्थित बिजली कार्यालय

परिसर में हुई। बैठक में एचएसईबी वर्कर यूनियन, एचपीसी यूनियन और एसबीसी यूनियन के

पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरकार की बिजली क्षेत्र से जुड़ी नीतियों के खिलाफ

आवाज बुलंद करते हुए निजीकरण, प्रस्तावित एग्री डिस्कॉम और स्मार्ट मीटर योजना का विरोध

किया। साथ ही 11 से 13 अगस्त तक प्रस्तावित हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया।

बैठक की अध्यक्षता एचएसईबी वर्कर यूनियन के राज्य ऑर्गेनाइजर प्रदीप लोरा ने

की, जबकि संचालन एसबीसी यूनियन के सर्कल सचिव हंसराज ग्रोवर ने किया। बैठक में राज्य

उपप्रधान जगमेंद्र पूनिया और राज्य वरिष्ठ उपप्रधान राजकुमार महला विशेष रूप से मौजूद

रहे। बैठक में यूनिट स्तर पर एक समिति का गठन किया गया, जो किसानों, मजदूरों और आम

जनता के बीच जाकर सरकार की बिजली नीतियों और निगम में निजी कंपनियों की भागीदारी के

संभावित प्रभावों की जानकारी देगी। कर्मचारियों ने कहा कि वे जनता को इन नीतियों के

खिलाफ जागरूक करेंगे।

यूनिट प्रधान दिनेश गिल, विजेंद्र पूनिया और रणबीर दुग्गल ने संयुक्त बयान

में आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां किसान और आमजन विरोधी हैं, जिनका बिजली कर्मचारी

पुरजोर विरोध करेंगे। यूनिट सचिव महेंद्र डूडी, रमेश कुमार और राजकुमार ने कहा कि कर्मचारी

सरकार की कथित तानाशाही नीतियों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे।

एग्री डिस्कॉम और स्मार्ट मीटर का विरोध

प्रदीप लोरा ने कहा कि सरकार द्वारा प्रस्तावित एग्री डिस्कॉम किसानों के हितों

के खिलाफ है और इससे किसानों को मिलने वाली सब्सिडी तथा अन्य सुविधाएं प्रभावित हो

सकती हैं। वहीं जगमेंद्र पूनिया और राजकुमार महला ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर योजना

से आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा, जबकि इसका लाभ निजी कंपनियों को मिलेगा।

हड़ताल को सफल बनाने की अपील

सर्कल सचिव हंसराज ग्रोवर और ओमप्रकाश वर्मा ने कर्मचारियों से मंगलवार के

विरोध प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने तथा आम जनता के बीच जाकर सरकार

की नीतियों के बारे में जानकारी देने की अपील की। वहीं राज मंदिर शर्मा और दलीप सोनी

ने सभी कर्मचारियों से 11, 12 और 13 अगस्त को प्रस्तावित हड़ताल को पूरी एकजुटता के

साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story