जींद : नशा तस्करों के ठिकानों पर पुलिस की रेड, तीन मोटरसाइकिल बरामद

WhatsApp Channel Join Now
जींद : नशा तस्करों के ठिकानों पर पुलिस की रेड, तीन मोटरसाइकिल बरामद


जींद, 21 नवंबर (हि.स.)। जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जींद पुलिस ने शनिवार को नरवाना क्षेत्र के गांव गढ़ी में विशेष सर्च एवं चेकिंग अभियान चलाया। डीएसपी नरवाना कमलदीप राणा के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों के मकानों और नशे के संभावित ठिकानों की जांच की। अभियान के दौरान तीन संदिग्ध मोटरसाइकिल कब्जे में ली गईं। वहीं बिजली और वन विभाग की टीमों ने भी कार्रवाई करते हुए कुल चार लाख 75 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

पुलिस अधीक्षक उपासना यादव के निर्देश पर चलाए गए अभियान में थाना गढ़ी, थाना शहर नरवाना, थाना सदर नरवाना, पुलिस चौकी धमतान साहिब, पुलिस चौकी दनौदा और सीआईए नरवाना की टीमों ने भाग लिया। इनके साथ बिजली विभाग, डॉग स्क्वायड, नशा मुक्ति और वन विभाग की टीमें भी मौजूद रही। डीएसपी कमलदीप राणा ने बताया कि गांव गढ़ी में नशे से संबंधित शिकायतें मिलने के बाद एक साथ कई टीमों ने सर्च अभियान चलाया। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और संभावित ठिकानों की तलाशी ली। इस दौरान तीन संदिग्ध मोटरसाइकिल पुलिस ने कब्जे में ली।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान 16 मकानों में अवैध बिजली सप्लाई के मामले सामने आए। बिजली विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए करीब तीन लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं वन विभाग ने अवैध लकड़ी रखने के मामले में 1 लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना किया। डीएसपी कमलदीप ने कहा कि नशा समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। पुलिस नशा तस्करों और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार नजर रख रही है। अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री या सप्लाई की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781028 Articles

Share this story