हिसार : चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग की चाकू से गाेदकर हत्या
हत्या के बाद बाइक से फरार हुए तीन हमलावर, केस दर्ज
हिसार, 16 अगस्त (हि.स.)। आजाद नगर थाना क्षेत्र के गांव तलवंडी रुक्का में
स्वतंत्रता दिवस की रात एक बुजुर्ग की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। लगभग 89 वर्षीय
महाबीर अपने छोटे बेटे के घर के बाहर चबूतरे पर चारपाई पर सो रहे थे। देर रात बाइक
सवार तीन युवक वहां पहुंचे और दबे पांव बुजुर्ग के पास जाकर उन पर धारदार हथियारों
से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमलावरों ने बुजुर्ग के गले, सिर, छाती, हाथ और पैरों पर
कई वार किए। बुजुर्ग की चीखें सुनकर परिजन बाहर आए, लेकिन तब तक तीनों आरोपी बाइक पर
सवार होकर मौके से फरार हो चुके थे। हमले की यह पूरी वारदात घटनास्थल के पास लगे कैमरे
में कैद हो गई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है।
मृतक महाबीर गांव तलवंडी रुक्का के रहने वाले थे और अपने छोटे बेटे ओमप्रकाश
के साथ रहते थे। परिजनों के अनुसार, वह गर्मी के दिनों में अक्सर रात को ओमप्रकाश के
मकान के बाहर बने चबूतरे पर चारपाई डालकर सोते थे। महाबीर के दो बेटे बलवान और ओमप्रकाश
हैं। बड़ा बेटा बलवान धारूहेड़ा में ट्रांसपोर्ट का काम करता है।
बलवान ने पुलिस को
दिए बयान में बताया कि वह 14 अगस्त को अपने गांव आया था। 15 अगस्त की रात परिवार के
सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। वह अपने घर की छत पर सो रहा था। देर रात अचानक
उसे गली से पिता के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। उसने छत से नीचे देखा तो तीन युवक उसके
पिता पर धारदार हथियारों से हमला कर रहे थे। वह आनन-फानन में नीचे पहुंचा, लेकिन तब
तक हमलावर हथियारों समेत बाइक पर सवार होकर फरार हो चुके थे।
इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। ओमप्रकाश की पत्नी सुमन
और भतीजा देवेंद्र ने घायल महाबीर को संभाला और परिजन उन्हें तत्काल नागरिक अस्पताल
लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महाबीर को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों
के अनुसार, बुजुर्ग के शरीर पर धारदार हथियारों के कई गहरे घाव थे और अत्यधिक रक्तस्राव
के कारण उनकी मौत हुई।
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही
है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महाबीर के पोते नरेश ने कुछ महीने पहले गांव रावतखेड़ा
की एक युवती से लव मैरिज की थी। शादी के बाद नरेश अपनी पत्नी के साथ कहां चला गया और
वर्तमान में दोनों कहां रह रहे हैं, इसकी जानकारी परिवार के सदस्यों को भी नहीं है।
ऐसे में पुलिस अब लव मैरिज से जुड़े विवाद और संभावित रंजिश को हत्या से जोड़कर भी
जांच कर रही है।
घटना का वीडियो पुलिस के हाथ लगा है। इसमें तीन युवक चुपचाप बुजुर्ग के पास
पहुंचते और सोते हुए महाबीर पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वारदात को अंजाम देने के
बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। आजाद नगर थाना पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के
खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने
में जुटी है। साथ ही हत्या की वजह, आरोपियों की पहचान और लव मैरिज से जुड़े संभावित
विवाद की कड़ियों को जोड़ने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही
आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

