हिसार : भेड़ें चरा रहे युवक पर आठ युवकों ने बोला हमला, एक आरोपी गिरफ्तार
हिसार, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बालसमंद पुलिस चौकी क्षेत्र में कानून
को ठेंगा दिखाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गोचर भूमि में अपनी भेड़ें चरा
रहे एक युवक पर तीन बाइकों पर सवार होकर आए आठ हमलावरों ने लाठी-डंडों से कातिलाना
हमला कर दिया। इस बर्बर मारपीट में युवक का बायां हाथ बुरी तरह टूट गया और उसका मोबाइल
फोन भी चकनाचूर हो गया। पुलिस ने शु्क्रवार काे त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार
कर लिया है।
बालसमंद पुलिस चौकी में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित डोभी में रह
रहे बीरन निवासी सोहन लाल ने बताया कि वह गांव डोभी के बाहर गोचर भूमि में अपनी भेड़ें
चरा रहा था। अचानक तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए आठ बदमाशों ने उस पर लाठी-डंडों
से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे अधमरा कर दिया और जाते-जाते जान से मारने
की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इस हमले में सोहन लाल का बायां हाथ फ्रैक्चर
हो गया। पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट को आधार बनाते हुए सदर थाना में मुकदमा
दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बालसमंद चौकी के जांच अधिकारी एचसी
कुलदीप की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों अन्य आधार पर कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी खासा
महाजन निवासी साहिल को धर दबोचा। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश
किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

