सिरसा: आठ नशा तस्कर गिरफ्तार, चूरापोस्त व हेरोइन बरामद
सिरसा, 09 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये का चूरापोस्त व हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि सीआईए डबवाली पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान गांव चौटाला क्षेत्र से नौ किलोग्राम चूरापोस्त सहित बलबीर व धर्मबीर सिंह को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पुलिस ने कालांवाली क्षेत्र से अजायब सिंह को सात ग्राम हेरोइन सहित दबोचा है। आरोपी अजायब सिंह के आपराधिक रिकार्ड के अनुसार उसके खिलाफ 11 मामले नशा तस्करी के पहले भी दर्ज हैं।
सीआईए सिरसा पुलिस ने गश्त के दौरान मलड़ी नहर पुल रोड़ी क्षेत्र से स्कूटी सवार तीन आरोपियों बलजिंद्र सिंह, कुलवंत सिंह व कुशाल सिंह को को सात ग्राम हेेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान मलड़ी नहर पुल रोड़ी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सामने से स्कूटी सवार तीन लोग आते दिखाई दिए जो पुलिस को देखकर वापस मुडक़र वहां से भागनेे का प्रयास करने लगे। शक के आधार पर पुलिस टीम ने स्कूटी सवार लोगों को काबू कर तलाशी ली तो उनके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। ओढां थाना पुलिस ने नशा तस्करी के मामले में फरार चल रहे मुख्य तस्कर कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की एक अन्य टीम ने सिरसा शहर क्षेत्र से एक युवक को प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पृथ्वी सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से सैकड़ों प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

