ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नूंह में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नूंह में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन


नूंह, 28 सितंबर (हि.स.)। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर कांग्रेस द्वारा देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत साोमवार को नूंह में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की तथा अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंककर रोष जताया गया।

प्रदर्शन में पूर्व परिवहन मंत्री एवं नूंह विधायक आफताब अहमद, फिरोजपुर झिरका विधायक मामन खान तथा कांग्रेस जिला अध्यक्ष शाहिदा खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूचियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े मामलों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, इसलिए इन मामलों की स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जांच के दौरान जिन लोगों की भूमिका पर सवाल सामने आए हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होना आवश्यक है। इसी मांग को लेकर कांग्रेस द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story