एनरोलमेंट और परीक्षा फार्म भरने का लॉट सिस्टम समाप्त करे शिक्षा बोर्ड : नरेन्द्र सेठी

WhatsApp Channel Join Now
एनरोलमेंट और परीक्षा फार्म भरने का लॉट सिस्टम समाप्त करे शिक्षा बोर्ड : नरेन्द्र सेठी


सर्व हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ ने बोर्ड चेयरमैन को भेजा पत्र

विलंब शुल्क के साथ फार्म जमा करवाने का अवसर देने की मांग

हिसार, 19 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से कक्षा 9वीं

से 12वीं तक के विद्यार्थियों के एनरोलमेंट और परीक्षा फार्म भरने के लिए लागू किए

गए लॉट सिस्टम को समाप्त करने की मांग उठने लगी है। सर्व हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ

ने बोर्ड चेयरमैन को पत्र भेजकर इस व्यवस्था को समाप्त करने और निजी विद्यालयों को

विद्यार्थियों के फार्म अलग-अलग लॉट में जमा करवाने की अनुमति देने की मांग की है।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सेठी ने गुरुवार काे लिखे पत्र में कहा कि वर्तमान शैक्षणिक

सत्र में अस्थाई मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों के एनरोलमेंट और

परीक्षा फार्म भरने के लिए बोर्ड ने शेड्यूल जारी किया है। इस बार लागू लॉट सिस्टम

के कारण निजी विद्यालयों और विद्यार्थियों को व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना

पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा के निजी विद्यालयों में उत्तर प्रदेश, बिहार

सहित अन्य राज्यों के हजारों विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। हाल ही में छठ पूजा

के चलते इनमें से काफी विद्यार्थी अपने पैतृक गांव चले गए थे। अब वापस लौटने के बाद

वे अपना एनरोलमेंट करवाना चाहते हैं, लेकिन एक ही लॉट में सभी विद्यार्थियों के फार्म

भेजने की अनिवार्यता के कारण समय पर एनरोलमेंट नहीं करवा पाने वाले विद्यार्थियों के

फार्म जमा करवाने में परेशानी आ रही है।

नरेन्द्र सेठी ने कहा कि बोर्ड ने विलंब शुल्क के साथ फार्म भरने की तिथियां

भी निर्धारित की हैं। ऐसे में लॉट सिस्टम के कारण विद्यार्थियों को इस सुविधा का लाभ

नहीं मिल पाना उचित नहीं है। विलंब शुल्क का प्रावधान ही उन विद्यार्थियों को अतिरिक्त

अवसर देने के लिए किया जाता है, जो किसी अपरिहार्य कारण से निर्धारित समय पर फार्म

नहीं भर पाते। वर्तमान व्यवस्था से हजारों विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रक्रिया प्रभावित

होने और उनका भविष्य संकट में पड़ने की आशंका है।

संघ ने बोर्ड चेयरमैन से मांग की है कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के एनरोलमेंट

और परीक्षा फार्म के लिए लागू लॉट सिस्टम समाप्त किया जाए। विद्यालयों को अलग-अलग लॉट

में फार्म जमा करवाने की अनुमति दी जाए तथा निर्धारित समय पर एनरोलमेंट नहीं करवा पाने

वाले विद्यार्थियों को बोर्ड की ओर से तय विलंब शुल्क के साथ फार्म भरने का अवसर दिया

जाए। सेठी ने उम्मीद जताई कि बोर्ड प्रशासन विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते

हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा, ताकि कोई भी विद्यार्थी केवल तकनीकी प्रक्रिया के

कारण परीक्षा और शिक्षा संबंधी अवसर से वंचित न रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story