ऑनलाइन होटल बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
ऑनलाइन होटल बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार


नूंह, 03 अक्टूबर (हि.स.)। नूंह जिले की साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन होटल बुकिंग के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड के पैकेट और चार हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा फर्जी होटल आईडी और व्हाट्सएप बिजनेस अकाउंट के माध्यम से लोगों को झांसे में लेकर ठगी करने के साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि साइबर थाना की टीम गांव रिठठ बस अड्डे पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि राजस्थान के डीग जिले के कैथवाड़ा थाना क्षेत्र के गांव जाझपुरी निवासी सारूप अपनी असली पहचान छिपाकर ऑनलाइन होटल बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी करता है। सूचना मिली कि आरोपी सिकरावा-कोट-उटावड़ रोड स्थित पुलिया पर बैठकर साइबर अपराध को अंजाम दे रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड के पैकेट और चार हजार रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार एक मोबाइल फोन में ‘कोर्टयार्ड बाई मैरियट’ के नाम से व्हाट्सएप बिजनेस अकाउंट संचालित मिला। इसकी प्रोफाइल फोटो में होटल की तस्वीर लगी हुई थी। मोबाइल की जांच में कई संदिग्ध व्हाट्सएप चैट, फोटो और स्कैनर से संबंधित स्क्रीनशॉट भी मिले।

पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद मोबाइल नंबर के खिलाफ महाराष्ट्र के मुंबई और पुणे से ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं। वहीं, एक मोबाइल के आईएमईआई नंबर के खिलाफ उत्तर प्रदेश के वाराणसी क्षेत्र से भी शिकायत दर्ज मिली है। पुलिस के अनुसार बरामद सिम कार्डों के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि इनका इस्तेमाल साइबर अपराध के लिए किया जाना था। पुलिस ने दोनों मोबाइल फोन, सिम कार्ड और नकदी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story