दुर्गा अष्टमी पर हरियाणा के स्कूल सुबह 10 से दोपहर 2:30 बजे तक खुलेंगे

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 13 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में दुर्गा अष्टमी के अवसर पर प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों के समय में बदलाव किया गया है। विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, 19 अक्टूबर को स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक संचालित होंगे। यह समय शिक्षकों और विद्यार्थियों, दोनों के लिए समान रहेगा।

विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने अधीनस्थ विद्यालयों तक आदेश की जानकारी पहुंचाएं और इसका अनुपालन सुनिश्चित करें। सामान्य विद्यालयों के संचालन समय में इस आदेश के अलावा कोई अन्य बदलाव नहीं किया गया है।

निदेशालय के निर्देशों के अनुसार, दोहरी पाली में संचालित होने वाले विद्यालयों में पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। दूसरी पाली के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उसका संचालन पूर्व निर्धारित समय के अनुसार ही होगा।

विद्यालय प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि दुर्गा अष्टमी के अवसर पर 19 अक्टूबर को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार विद्यालयों का संचालन सुनिश्चित करें।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760284 Articles

Share this story