यमुनानगर:तेज रफ्तार डंपर पलटा, सिविल अस्पताल की दीवार क्षतिग्रस्त

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 19 अप्रैल (हि.स.)।यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र के तिकोनी मोड़ पर रविवार को एक मिट्टी से भरा डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया और सिविल अस्पताल की दीवार से जा टकराया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं पास में लगे कई खोखों को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए यातायात को नियंत्रित किया। प्रत्यक्षदर्शी इंद्रजीत के अनुसार, सुबह दो डंपर तेज गति से आ रहे थे और एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे।

इसी दौरान एक डंपर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे बने खोखों को क्षतिग्रस्त करता हुआ अस्पताल की दीवार से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद डंपर में भरी मिट्टी सड़क पर फैल गई।

इंद्रजीत ने आरोप लगाया कि चालक नशे की हालत में हो सकता है, जिसके चलते यह घटना हुई। उन्होंने प्रशासन से हुए नुकसान की भरपाई की मांग भी की है। वहीं, डंपर चालक सतबीर ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वाहन अचानक असंतुलित हो गया, जिससे दुर्घटना हुई और उसे भी चोट आई है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से पलटे हुए डंपर को सीधा कर सड़क से हटाया।

इसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य की गई। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरटेक की कोशिश को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story