रोहतक: डीएसपी के गनमैन की सडक़ हादसे में मौत, दो युवक घायल

WhatsApp Channel Join Now

रोहतक, 02 जून (हि.स.)। शहर के डीपार्क के पास हुए सडक़ हादसे में एक पुलिस कर्मी की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया। मृतक पुलिस कर्मी डीएसपी का गन मैन था और हाल ही में उसकी डयूटी सिविल लाइन थाने में थी।

पुलिस के अनुसार झज्जर के गांव माजरा हाल विशाल नगर निवासी नरेन्द्र सिंह जोकि डीएसपी गुलाब सिंह का गनमैन था, शाम को अपनी इलैक्ट्रिोनिक स्कूटी लेकर किसी काम से डी पार्क पर गया था और जब वह वापिस घर आ रहा था तभी सडक़ पर दो अलग अलग मोटरसाइकिलो पर युवक रेस लगा रहे थे और तेज रफ्तार से चलाते हुए डी पार्क के पास सीधी नरेन्द्र की स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे नरेन्द्र व मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए और घायलों को उपचार के लिए पीजीआई ले जाया गया, जहां ईलाज के दौरान नरेन्द्र की मौत हो गई, जबकि जींद के गांधी नगर निवासी करण रोहतक के सुभाष नगर निवासी जीवन की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इस बारे में पता किया। पुलिस ने इस संबंध में मृतक की पत्नी प्रमिला की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक नरेन्द्र आर्मी से रिटायर होने के बाद डीएसपी के गनमैन के रूप में कार्यरत था और वह अपनी डयूटी करके घर जा रहा था कि हादसे का शिकार हो गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story