कैथल: नशे की सूचना देने के शक में युवक पर गंडासी से हमला

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: नशे की सूचना देने के शक में युवक पर गंडासी से हमला


कैथल, 01 अगस्त (हि.स.)। शहर के सिरटा रोड पर एक युवक को घर में नशा होने की सूचना पुलिस को देने के शक में गंडासी और डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। हमले में युवक के दांत टूट गए। पुलिस ने शनिवार काे इस मामले में छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिरटा रोड निवासी शिव कुमार ने सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 जुलाई को पुलिस और प्रशासन ने नशा तस्करी के मामले में सुखदेव और सुखविंद्र के मकान गिराए थे। आरोप है कि 30 जुलाई की रात करीब नौ बजे सुखदेव, जुफम, सुखविंद्र, मनोज, राममेहर और साहिल उसकी किराये की दुकान पर पहुंचे और उस पर गंडासी व डंडों से हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार सुखदेव ने उसके मुंह पर गंडासी से वार किया, जिससे उसके दांत टूट गए। बीच-बचाव करने आए दुकान मालिक शमशेर, उसकी पत्नी और बेटे के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो सभी आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने धमकी दी कि यदि भविष्य में दोबारा उनके घर नशा होने की सूचना पुलिस को दी तो उसे जान से मार देंगे। घायल शिव कुमार को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। गौरतलब है कि 28 जुलाई को जब प्रशासन आरोपितों के मकान गिराने की कार्रवाई कर रहा था, तब भी आरोपितों ने सूचना देने वाले को देख लेने की धमकी दी थी। सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गीता ने बताया कि शिकायत के आधार पर छह आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story