कैथल: 581 ग्राम नशीला घोल व सामग्री सहित तस्कर गिरफ्तार
-प्रतिबंधित नशीली गोलियां घाेल बनाता था इंजेक्शन
कैथल, 06 अगस्त (हि.स.)। जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को प्रतिबंधित नशीली गोलियां, 581 ग्राम नशीला घोल और उसे छोटी शीशियों में भरकर बेचने में प्रयुक्त सामग्री सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना चीका में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीएसपी बीर भान ने बताया कि चौकी भागल प्रभारी एएसआई रघुबीर सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि जसविंद्र निवासी वार्ड नंबर-11, गुहला प्रतिबंधित नशीली गोलियों को पशुओं की लिक्विड दवा में मिलाकर नशीला घोल तैयार करता है और उसे छोटी-छोटी प्लास्टिक की शीशियों में भरकर नशे के आदी लोगों को बेचता है। सूचना के अनुसार वह भागल से बलबेहड़ा रोड की ओर तैयार घोल बेचने जा रहा था।
सूचना के आधार पर पुलिस ने रेडिंग पार्टी गठित कर भागल-बलबेहड़ा रोड स्थित रजबाहा पुल के पास नाकाबंदी की और आरोपी को काबू कर लिया। डीएसपी सुशील प्रकाश की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 17 खाली प्लास्टिक की छोटी शीशियां, एक प्लास्टिक की बोतल में रखा 581 ग्राम नशीला घोल तथा जेब से बुप्रेनोरफिन की 10 गोलियां बरामद हुईं। ड्रग कंट्रोल अधिकारी ने जांच के दौरान इन गोलियों को प्रतिबंधित श्रेणी का बताया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह प्रतिबंधित गोलियों को पशुओं की लिक्विड दवा में मिलाकर नशीला घोल तैयार करता था और उसे छोटी-छोटी शीशियों में भरकर करीब 200 रुपये प्रति शीशी के हिसाब से बेचता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेकर उससे नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन और अन्य संभावित सहयोगियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

