कैथल में चरस और गांजा तस्करी के दो मामले, दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल में चरस और गांजा तस्करी के दो मामले, दो आरोपी गिरफ्तार


कैथल में चरस और गांजा तस्करी के दो मामले, दो आरोपी गिरफ्तार


कैथल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चरस और गांजा फूल-पत्ती सहित दो आरोपियों को गुरुवार काे गिरफ्तार किया है। एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम ने कलायत क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार आरोपी को एक किलो 110 ग्राम चरस के साथ पकड़ा, जबकि एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने कैथल में सरकारी अस्पताल के पास से एक युवक को एक किलो 162 ग्राम गांजा फूल-पत्ती सहित गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में संबंधित थानों में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम के नेतृत्व में एसआई जसबीर सिंह की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव मटौर के बस अड्डे के पास सूचना मिली कि जींद जिले के गांव अलेवा निवासी राजेश मोटरसाइकिल पर चरस बेचने का काम करता है और बड़सीकरी से मटौर की तरफ आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मटौर-बड़सीकरी सड़क पर खड़ालवा मंदिर के नजदीक रजवाहे की पुलिया पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ समय बाद बड़सीकरी की तरफ से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया तो उसने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया।

मौके पर पहुंचे डीएसपी रमेश चंद्र की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे में मौजूद पॉलीथिन से एक किलो 110 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी राजेश के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है।

दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एसआई बलराज सिंह की टीम करनाल बाईपास के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मायापुरी कॉलोनी निवासी सुनील कुमार सरकारी अस्पताल के पास सेक्टर-18 में खाली पड़ी जगह पर नशा करने वाले लोगों को गांजा फूल-पत्ती बेच रहा है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और सफेद रंग की पॉलीथिन लेकर खड़े संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। उसकी पहचान सुनील कुमार निवासी मायापुरी कॉलोनी, कैथल के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे ईटीओ कैथल दीपक दत्त की मौजूदगी में तलाशी लेने पर पॉलीथिन से एक किलो 162 ग्राम गांजा फूल-पत्ती बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया। मौके पर पहुंचे एएसआई जसमेर सिंह ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761554 Articles

Share this story