पानीपत: नशा तस्कर गांजा सहित गिरफ्तार
पानीपत, 24 जून (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने सेक्टर-24 स्थित उग्राखेड़ी मोड़ पर एक युवक को एक किलो 121 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर 24 झुग्गी झोपड़ी निवासी इरफान के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम को उनकी टीम गश्त एवं जांच पड़ताल के दौरान थाना चांदनी बाग क्षेत्र में थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि सेक्टर 24 स्थित उग्राखेड़ी मोड़ पर एक युवक थैले में मादक पदार्थ लेकर बेचने की फिराक में घूम रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान इरफान पुत्र अनवर निवासी सेक्टर 24 झुग्गी, झोपड़ी के रूप में बताई। पुलिस ने युवक के बैग की तलाशी ली तो उसमें पॉलीथिन में पैक गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा का वजन करने पर 1 किलो 121 ग्राम पाया गया। पूछताछ में आरोपी इरफान ने बताया शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए उसकी मां और भांजी ने उसे दो-तीन दिन पहले दो किलो गांजा लाकर दिया था। जिसमें से उसने कुछ गांजा राह चलते अज्ञात नशा करने वालों को बेच दिया। पुलिस ने आरोपी इरफान के खिलाफ थाना चांदनी बाग में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

