यमुनानगर:नशा तस्करी के आरोप में तीन काबू, कई मामले सुलझे
यमुनानगर, 30 जून (हि.स.) यमुनानगर पुलिस के एंटी नारकोटिक सेल ने नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक का संबंध हाल ही में बरामद की गई करीब डेढ़ करोड़ की हेरोइन (स्मैक) की सप्लाई से भी जुड़ा हुआ है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि 22 जून को टीम ने विश्वकर्मा चौक क्षेत्र से बरेली निवासी मोहम्मद सलीम को एक किलो 200 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान सलीम ने खुलासा किया कि वह यह मादक पदार्थ यमुनानगर में सप्लाई करने आया था और इसे यमुनानगर निवासी अंकित को सौंपना था।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंकित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी का परिवार भी नशा तस्करी से जुड़ा हुआ है। उसके भाई दीपक और भाभी मीनाक्षी के खिलाफ भी नशा तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार दीपक वर्तमान में जेल में बंद है, जबकि भाभी हाल ही में जमानत पर बाहर आई है। इसी क्रम में पुलिस ने पहले दर्ज मामलों की जांच के दौरान सात मार्च 2025 को प्रतिबंधित दवाइयों की बरामदगी मामले में आकाश को भी गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी ऐसे कई मामले दर्ज हैं, जो अदालत में विचाराधीन हैं। इसके अलावा 3 अक्टूबर 2025 को 720 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामदगी मामले में गिरफ्तार एक महिला की निशानदेही पर उसके पति सतपाल और गांव के ही अशोक कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

