युवा शक्ति के संकल्प से साकार होगा नशामुक्त भारत का संकल्प:असीम कुमार घोष

WhatsApp Channel Join Now
युवा शक्ति के संकल्प से साकार होगा नशामुक्त भारत का संकल्प:असीम कुमार घोष


कुवि में आयोजित हुआ ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’, राज्यपाल ने दिलाया नशामुक्त भारत का संकल्प

चंडीगढ़, 02 अगस्त (हि.स.)। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के आडिटोरियम हॉल में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा: विकसित भारत संकल्प अभियान’ का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित रहकर हज़ारो युवाओं के साथ प्रधानमंत्री के लाइव संबोधन से जुड़ें। राज्यपाल की अगुवाई में सभी ने नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण का आह्वान किया जिसे सभागार में उपस्थित 2500 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सुना।

इस अवसर पर लेडी गवर्नर मित्रा घोष, विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा, पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, माय भारत अभियान के राज्य निदेशक आकर्ष दीक्षित सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, अधिष्ठाता, निदेशक, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा के राज्यपाल एवं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नशामुक्त युवा भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ कर रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से देशभर के 28,000 से अधिक स्थानों पर एक करोड़ से अधिक युवा एकजुट होकर नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प ले रहे हैं। राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि हमारा देश हजारों वर्षों से अनेक चुनौतियों का सामना करता आया है। हमने विदेशी आक्रमण, युद्ध, आर्थिक संकट, कोरोना महामारी, मलेरिया, प्लेग जैसी अनेक कठिन परिस्थितियों का डटकर मुकाबला किया है। इसलिए मुझे पूरा विश्वास है कि भारत की जनता, विशेषकर हमारे युवा, नशे जैसी इस गंभीर सामाजिक बुराई को भी पराजित करने में सफल होंगे।

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि मुझे हरियाणा के लोगों पर विशेष गर्व है क्योंकि हरियाणा ने देश को सशक्त सेना, समृद्ध कृषि, उत्कृष्ट खिलाड़ी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। मुझे विश्वास है कि हरियाणा के लोग नशे के इस अभिशाप के विरुद्ध भी अग्रणी भूमिका निभाएंगे और समाज को नशामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story