यमुनानगर: हेरोइन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
दो आरोपियों पर पहले से 27 एनडीपीएस मामले दर्ज
यमुनानगर, 06 अगस्त (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 96 ग्राम हेरोइन बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई प्रतापनगर अनाज मंडी क्षेत्र में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर गठित टीम ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी ली। उसके कब्जे से 36 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान प्रतापनगर निवासी सलमान के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट का एक मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
दूसरी कार्रवाई कलानौर सीमा पर की गई, जहां उत्तर प्रदेश की ओर से बाइक पर आ रहे दो युवकों को नाकाबंदी के दौरान रोका गया। तलाशी में दोनों के कब्जे से 30-30 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों की पहचान यमुनानगर निवासी अर्शदीप और नावेद के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया। एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी से जुड़े पाए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अर्शदीप के खिलाफ पहले से 16 तथा नावेद के खिलाफ 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों को पूर्व में भी नशीले पदार्थों के मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि हेरोइन कहां से लाई गई और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जानी थी। साथ ही आरोपियों की संपत्तियों की जांच कर पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

