सिरसा में कूड़ा उठाने वाली गाड़ी के चालक से नकाबपोश युवकों ने की मारपीट, गाड़ी में तोडफ़ोड़

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा में कूड़ा उठाने वाली गाड़ी के चालक से नकाबपोश युवकों ने की मारपीट, गाड़ी में तोडफ़ोड़


सिरसा, 02 सितंबर (हि.स.)। सिरसा में घर-घर कूड़ा उठाने वाली गाड़ी चालक से नकाबपोश युवकों ने मारपीट कर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। हमले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को अस्पताल में पहुंचाया। कूड़ा उठाने वाले दो कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। उल्लेखनीय है कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान हुई इस घटना से कूड़ा उठाने वाले गाड़ी चालकों में खौफ का माहौल है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। आरोप हड़ताली सफाई कर्मचारियों पर लगाए जा रहे हैं।

बुधवार सुबह कूड़ा-कचरा उठाने वाली गाड़ी शहर के मोहंता गार्डन क्षेत्र में पहुंची। इसी दौरान नकाबपोश बाइक सवार कुछ युवकों ने चालक को नीचे खींच कर उसके साथ मारपीट की व गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। गाड़ी में कचरा डाल रहे लोग भी इस घटना से सहम गए। गाड़ी में सवार दो अन्य कर्मचारी भी डर के मारे भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोहल्ले में गाड़ी आई और लोग घरों का कूड़ा डाल रहे थे।

इसी दौरान बाइक सवार कुछ लोग आए और गाड़ी को घेर लिया। चालक को नीचे उतारकर उसके साथ मारपीट की गई और गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। गाड़ी में सवार दो सहायक कर्मचारी डर के मारे वहां से भाग निकले। घटनास्थल पर पुलिस पहुंची तो हमलावर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल कर हमलावारों की पहचान में जुटी हुई है।

उल्लेखनीय है कि प्रशासन सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते ठेकेदार के माध्यम से कूड़ा उठाने का काम करवा रहा है। हड़ताली कर्मचारी इसका विरोध कर रहे हैं। डंपिंग प्वाइंटों से कूड़ा पुलिस की मौजूदगी में उठाया जा रहा है। हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story