सिरसा: ग्रामीण क्षेत्रों में गहराया पेयजल संकट, सरकार नहीं दे रही ध्यान: सैलजा

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: ग्रामीण क्षेत्रों में गहराया पेयजल संकट, सरकार नहीं दे रही ध्यान: सैलजा


सिरसा, 05 जुलाई (हि.स.)। सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि भीषण गर्मी और लगातार गिरते भूजल स्तर के कारण क्षेत्र के कई गांवों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि लोगों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए पड़ोसी राज्य राजस्थान से पानी लाकर गुजारा करना पड़ रहा है। गांवों में अधिकांश जलघर सूख चुके हैं।

ग्रामीण इलाकों में हालात बद से बदतर हैं। दिनोंदिन पेयजल किल्लत गहरा रही है। सरकार पानी को लेकर कोई ध्यान नहीं दे रही। हर मोर्चे पर भाजपा सरकार फेल है। सैलजा रविवार को सिरसा में सांसद निधि कोष से 18 गांवों को पानी के टैंकर वितरण के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थी।

सैलजा ने कहा कि सिरसा जिले में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली, पानी के टैंकर और अन्य साधनों से राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में जाकर पानी भरकर ला रहे हैं। इस कारण लोगों को समय के साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ रहा है। महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उन्हें कई किलोमीटर दूर तक पानी लाने के लिए जाना पड़ता है। पर्याप्त वर्षा नहीं होने और भूजल के अत्यधिक दोहन के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। सांसद ने अधिकारियों से कहा कि लोगों को पानी मुहैया करवाएं, जहां ज्यादा दिक्कत हैं वहां टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाया जाए। सांसद सैलजा ने चार दिव्यांगजनों को दी इलेक्ट्रिक स्कूटी भी सांसद निधि कोष से भेंट की। इस मौके पर सिरसा विधायक गोकुल सेतिया, कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला, कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट, वीरभान मेहता, राजकुमार शर्मा, सतपाल मेहता, नवीन केडिया, राजेश चाडीवाल, आरसी लिंबा, सुरजीत भावदीन, भूपेंद्र राठौड़, लादूराम पूनिया सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story