यमुनानगर:दूषित पानी से बर्बाद हो रही फसलें, ग्रामीणों ने मांगा समाधान

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:दूषित पानी से बर्बाद हो रही फसलें, ग्रामीणों ने मांगा समाधान


यमुनानगर, 20 मार्च (हि.स.)जिले के गांव मलिकपुर बांगर में कृषि भूमि में गंदे पानी की लगातार आवक से किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए प्रभावित ग्रामीणों ने समाधान शिविर में शिकायत दर्ज कर प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। किसानों का कहना है कि उनके खेतों में बीते कई वर्षों से आसपास की बस्तियों का गंदा पानी जमा हो रहा है।

जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण यह पानी लंबे समय तक खेतों में ठहरा रहता है, जिससे भूमि की उपजाऊ क्षमता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति ऐसी हो गई है कि किसी भी मौसम में फसल की बुवाई संभव नहीं हो पा रही, जिससे आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, यह समस्या गांव से सटे क्षेत्रों में रहने वाली आबादी के अपशिष्ट जल के सीधे खेतों में पहुंचने से उत्पन्न हुई है। प्रभावित किसानों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी स्थानीय प्रशासन, सरपंच तथा संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।

उन्होंने बताया कि उच्च स्तर पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। कुछ समय पूर्व अधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण भी किया गया, लेकिन उसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि खेती योग्य भूमि को नुकसान से बचाया जा सके और किसानों की आजीविका सुरक्षित रह सके। वहीं समाधान शिविर में प्रस्तुत की गई इस शिकायत को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story