जींद की डा. संगीता को पौलेंड में मिला वैज्ञानिक का पद

WhatsApp Channel Join Now
जींद की डा. संगीता को पौलेंड में मिला वैज्ञानिक का पद


जींद, 2 दिसंबर (हि.स.)। नौगामा खाप के गांव पोंकरीखेड़ी के रहने वाले किसान रामराजी ढुल की बेटी डा. संगीता ढुल को पौलेंड में वैज्ञानिक का पद मिला है। रामराजी ढुल जिला भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता हैं। डा. संगीता ने अपनी उपलब्धि से गांव के साथ-साथ खाप और देश का नाम रोशन किया है। हाल ही में कुछ दिनों पहले ही संगीता ने दिल्ली विश्वविद्यालय से फिजिक्स में पीएचडी करके डाक्टरेट की उपाधि हासिल की थी।

मंगलवार को रामराजी ढुल ने बताया कि पिछले साल अप्रैल के महीने में पीएचडी के दौरान डा. संगीता ढुल इटली में आयोजित वल्र्ड कान्फ्रेंस में भारत का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं। अंतरराष्ट्रीय ढुल खाप ने कैथल में आयोजित ढुल सम्मेलन में संगीता ढुल को शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को विशेषकर लड़कियों के आदर्श के रूप में प्रस्तुत करने के लिए खाप रत्न से भी नवाजा गया था।

ढुल खाप प्रधान चौधरी हरपाल ढुल ने कहा कि अगर आपके हौंसलें बुलंद हों तो आप बड़े से बड़ा मुकाम हासिल कर सकते हैं और इस लड़की ने ये साबित करके दिखाया है। पूरे गांव में खुशी का माहौल है। गांव के सरपंच राजकुमार ढुल ने भी संगीता और उसके परिवार को बधाई दी है। नौगामा खाप प्रधान चौधरी सुरेश बहबलपुर तथा कंडेला खाप प्रधान चौधरी ओमप्रकाश ने खाप में लड़कियों की शिक्षा को बढावा देने के लिए डा. संगीता ढुल को आदर्श के रूप में प्रस्तुत करने की बात कही और परिवार तथा गांव को बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story