हिसार : लुवास का छात्र करेगा राष्ट्रीय युवा महोत्सव में हरियाणा का प्रतिनिधित्व
हिसार, 06 जनवरी (हि.स.)। लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय
(लुवास) के औषधि विज्ञान एवं विष विज्ञान विभाग का छात्र डॉ. रवि यादव वर्ष 2026 में
आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेगा। डॉ. रवि
यादव का चयन विकसित भारत युवा नेता संवाद-2026 के अंतर्गत ‘सतत एवं हरित विकसित भारत’ विषय पर किया गया है।
डॉ. रवि यादव ने विकसित भारत युवा नेता संवाद-2026 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। चयन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने
विषय से संबंधित नवीन विचार, व्यावहारिक समाधान तथा सतत विकास की दिशा में ठोस और प्रभावी
सुझाव प्रस्तुत किए, जिसके आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया गया। राष्ट्रीय
युवा महोत्सव का आयोजन 9 से 12 जनवरी तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में किया जाएगा। यह
महोत्सव प्रतिवर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय
युवा दिवस के रूप में आयोजित किया जाता है। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को
सेवा, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों से प्रेरित करना है। वर्ष 2026 में यह
कार्यक्रम राष्ट्रीय युवा महोत्सव–विकसित भारत युवा नेता संवाद के माध्यम से विकसित भारत की
परिकल्पना को साकार करने पर केंद्रित रहेगा, जिसमें युवा प्रतिभागी नीति-निर्माताओं
एवं विषय विशेषज्ञों के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। सहायक जनसम्पर्क अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि डॉ. रवि यादव की यह उपलब्धि
लुवास के विद्यार्थियों की प्रतिभा, नवाचार और राष्ट्र के सतत विकास के प्रति उनकी
प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है। यह चयन विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है और
अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

