अंबेडकर के सिद्धांतों पर चलकर ही राष्ट्र विकास संभव: सैलजा

WhatsApp Channel Join Now
अंबेडकर के सिद्धांतों पर चलकर ही राष्ट्र विकास संभव: सैलजा


सिरसा, 14 अप्रैल (हि.स.)। सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि बाबा साहेब के सिद्धांतों पर चलकर ही राष्ट्रीय विकास संभव है। सांसद सैलजा मंगलवार को सिरसा में डा. भीमराव अंबेडकर जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि सभी को बाबा साहेब द्वारा दिखाए गए रास्ते पर आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं। बाबा साहेब ने हमें एक ऐसा संविधान दिया जो जाति, धर्म और लिंग से ऊपर उठकर हर नागरिक को बराबरी का अधिकार देता है।

सांसद सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से बाबा साहेब के समावेशी भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध रही है।

जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर उनकी प्रतिमा पर नमन किया और उन द्वारा देश के विकास के लिए दिए गए योगदान के लिए याद किया। उन्होंने कहा कि डा. अंबेडकर ने सदैव वंचित समाज के उत्थान व राष्ट्रीय विकास की अवधारणा को बल दिया मगर वर्तमान समय में विभिन्न राजनीतिक दल अपने अपने लाभ के लिए संवैधानिक व्यवस्था में परिवर्तन को समय की मांग बताकर भारतीय संविधान में संशोधन करने को आतुर हैं जो किसी भी दृष्टि से ठीक नहीं है।

उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपने जीवनकाल में जिन संघर्षों और चुनौतियों का सामना कर देश के विकास के लिए कर्मठता से कार्य किया, वह सभी के लिए आदर्श जीवन है। भारतीय जनता पार्टी के सिरसा जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतीद्र सिंह ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन हमें समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हमें बाबा साहेब के सिद्धांतों को केवल सुनने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए आगे आएं। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी डॉ. अंबेडकर के विचारों को केवल सैद्धांतिक रूप से नहीं, बल्कि व्यवहारिक रूप से लागू करने का प्रयास करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story