जींद : पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जींद : पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश गिरफ्तार


जींद, 16 मई (हि.स.)। जींद पुलिस ने बड़ा बीड़ वन हांसी ब्राच नहर के निकट मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। फायरिंग में दो बदमाशों के पांव में गोली लगी है। एक बदमाश धरपकड़ के दौरान घायल हो गया। पुलिस ने घटना स्थल से दो पिस्तौल भी बरामद की हैं। बदमाशों पर कई अपराधिक मामले दर्ज हैं। बदमाश रोहतक में वांटेड थे। घायल बदमाशों को नागरिक अस्पताल मे भर्ती करवाया गया है।

शनिवार को जानकारी देेते हुए डिटेक्टिव स्टाफ जींद इंचार्ज निरीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि तीन युवक जिनके पास अवैध असलहा भी है, किसी वारदात की फिराक में है और ईक्कस बाईपास नहर की पटरी के पास खेतों में बैठे हुए शराब पी रहे हैं। सूचना पर डिटेक्टिव स्टाफ टीम मौका पर गई तो बदमाशों ने पुलिस पार्टी को देख कर फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें सहायक उपनिरीक्षक समरजीत बुलेट प्रूफ जैकेट पहनने के कारण बाल-बाल बच गया। जिसमें दो गोली जैकेट में लगी तथा एक गोली पुलिस गाड़ी में लगी है।

पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में दो बदमाश भगत वासी किलोई की दहनी साइड पैर में और अक्षय वाशी ढिगाना के बाई पैर में गोली लगी तथा तीसरा बदमाश अंकित वासी करेला को भी पैर में चोट लगी है। बदमाशों ने पांच फायर किए तथा पुलिस की ओर से भी सात राउंड फायर किए हैं। तीनों बदमाशो को राउंडअप करके सामान्य अस्पताल जींद में दाखिल कराया गया है। राउंडअप किए गए बदमाशों में अक्षय के खिलाफ 14 मामले, भगत के खिलाफ 8 मामले तथा अंकित के खिलाफ तीन मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। काबू किए गए बदमाशों से एक 32 बोर देशी पिस्तौल तथा एक अन्य 32 बोर का विदेशी पिस्टल बरामद हुआ है।

पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जिले में शांति, कानून व्यवस्था एवं सुरक्षित माहौल बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। यदि किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत होती है अथवा अवैध हथियार, नशा, अपराध या किसी वारदात की योजना संबंधी कोई सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आमजन द्वारा दी गई सूचनाएं अपराध रोकने में महत्वपूर्ण साबित होती हैं तथा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story