पलवल:बुलेट व ढाई लाख नही मिले ताे पति ने दिया तीन तलाक, आठ पर केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now


पलवल, 01 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बहीन थाना क्षेत्र के कोट गांव में एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और तीन तलाक देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि कोट गांव निवासी साहिदा ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी 28 मई 2023 को राजस्थान के खैरथल जिले के घॉंसोली गांव निवासी अरसीद के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता ने बाइक, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण दिए थे, लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था।

पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उससे ढाई लाख रुपये नकद और बुलेट बाइक की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

साहिदा ने बताया कि 16 जनवरी 2026 को ससुरालियों ने उसे कमरे में बंद कर बुरी तरह पीटा और उसके जेवरात छीन लिए। जब उसके भाई पंचायत लेकर ससुराल पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया। इसी दौरान पति अरसीद ने सबके सामने तीन बार ‘तलाक’ कहकर उसे घर से निकाल दिया और जबरन कोरे कागजों पर अंगूठा लगवा लिया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति ने रानोली गांव की एक अन्य लड़की से दूसरी शादी कर ली है। साहिदा के अनुसार, मई 2025 में उसने एक बेटे को जन्म दिया था, जिसकी कुछ समय बाद मौत हो गई। इसके बाद उसके माता-पिता का भी निधन हो गया। बहीन थाना पुलिस ने पति अरसीद, ससुर नसरू, सास बरकती, बिचौलिया जुबेर समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी और मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story