कैथल: मेरा सब कुछ छिन गया...सुसाइड नाेट में यह लिखकर विवाहिता ने फांसी लगा दी जान
कैथल, 10 अगस्त (हि.स.)। शहर के पुंज मोहल्ले में साेमवार काे 24 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले विवाहिता ने दो पेज का सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने अपनी जिंदगी में चल रही कथित प्रताड़ना और परेशानियों का जिक्र करते हुए पति समेत कई ससुरालियों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के परिजनों ने शहर थाना पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर रैली गोदाम निवासी नवीन बंसल समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों के साथ-साथ विवाहिता के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है। मृतका के मामा बजरंग राज ने बताया कि उसकी भांजी ज्योति की शादी नवंबर 2025 में नवीन के साथ हुई थी। परिवार ने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार शादी में दान-दहेज दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग को लेकर ज्योति को परेशान किया जाने लगा। परिजनों का आरोप है कि ज्योति को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार के अनुसार, वह काफी समय से परेशान थी, लेकिन उन्हें उम्मीद थी कि समय के साथ परिस्थितियां ठीक हो जाएंगी। सोमवार को ज्योति ने कथित तौर पर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
‘मेरा सब कुछ छिन गया...’ सुसाइड नोट में बयां किया दर्द
मौत से पहले लिखे गए कथित सुसाइड नोट में ज्योति ने अपने साथ हुई परेशानियों का दर्द बयां किया है। उसने लिखा कि उसके गरीब माता-पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर उसकी शादी की, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष का कथित लालच खत्म नहीं हुआ। सुसाइड नोट में विवाहिता ने लगातार मिल रही कथित शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का भी जिक्र किया है। उसने लिखा कि ‘मेरा सब कुछ छिन गया।’ इसके साथ ही उसने गरीब परिवारों की बेटियों को लेकर भी अपनी पीड़ा जाहिर की और लिखा कि अगर दुनिया में गरीब के लिए न्याय नहीं है तो गरीब की बेटियों की बलि चढ़ाना बंद की जाए। सुसाइड नोट में लगाए गए इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
सुसाइड नोट के आधार पर दर्ज की एफआईआरशहर थाना के जांच अधिकारी महीपाल ने बताया कि विवाहिता के आत्महत्या करने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतका के परिजनों की शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर रैली गोदाम निवासी नवीन बंसल समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

